हरिद्वार बोरवेल हादसा: कांगड़ी गांव में 55 वर्षीय बुजुर्ग गहरे गड्ढे में गिरा, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ का रेस्क्यू शुरू

Blog
 Image

धर्मनगरी हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित कांगड़ी गांव से एक बेहद विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ बोरिंग कार्य के दौरान एक 55 वर्षीय व्यक्ति अचानक संतुलन बिगड़ने से बोरवेल के गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए 'ऑपरेशन जिंदगी' शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय मनोहर गांव में बोरिंग का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मनोहर काम में व्यस्त थे, तभी अचानक उनका पैर फिसला और वे सीधे बोरवेल के संकरे और गहरे गड्ढे में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने बिना समय गंवाए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर बुला लिया है। पुलिस और रेस्क्यू टीमें भारी मशीनों और ऑक्सीजन की व्यवस्था के साथ राहत कार्य में जुटी हैं। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी खुद मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। गड्ढे के भीतर मनोहर की स्थिति का पता लगाने और उन्हें सांस लेने के लिए ऑक्सीजन पहुंचाने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने हर संभव संसाधन मौके पर झोंक दिए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में आधुनिक उपकरणों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। हालांकि, बोरवेल का व्यास कम होने के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियां आ रही हैं, लेकिन टीमें पूरी मुस्तैदी से मनोहर को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं। पूरा गांव मनोहर की सलामती के लिए दुआएं कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हमारी प्राथमिकता मनोहर को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है और हम इसके लिए हर तकनीकी रास्ता अपना रहे हैं।