प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून में किया 12 किमी लंबा ऐतिहासिक रोड शो, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की दी ₹11,963 करोड़ की सौगात

Blog
 Image

देहरादून। देवभूमि के आंगन में आज विकास और विश्वास का एक नया अध्याय लिखा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपनी 28वीं उत्तराखंड यात्रा के दौरान राजधानी देहरादून को वह मंजर दिखाया जो यहाँ के इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया। 12 किलोमीटर लंबे ऐतिहासिक रोड शो में उमड़ी जनसैलाब की भीड़ और 'मोदी-मोदी' के गगनभेदी नारों ने यह साफ कर दिया कि उत्तराखंड के सरोकारों से प्रधानमंत्री का रिश्ता कितना गहरा है।

प्रधानमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत सिद्धपीठ मां डाट काली के दरबार में मत्था टेककर की। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने ₹11,963 करोड़ की लागत से बने 213 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कार से उतरकर एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया और व्यू प्वाइंट से इस इंजीनियरिंग चमत्कार का जायजा लिया। लोकार्पण के बाद जब पीएम का काफिला रोड शो के लिए निकला, तो देहरादून की सड़कें छोटी पड़ गईं। 12 किमी लंबे इस सफर में चप्पे-चप्पे पर फूल बरसाए गए। गढ़ी कैंट मैदान की ओर बढ़ते हुए प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजामों के बीच दूनवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सिर्फ सड़क ही नहीं, पीएम ने देश के पहले 1,000 मेगावाट क्षमता वाले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र को भी राष्ट्र को समर्पित किया। यह संयंत्र ऊर्जा क्षेत्र में उत्तराखंड की भूमिका को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री बनने के बाद 28वीं बार उत्तराखंड पहुँचे मोदी ने एक बार फिर सिद्ध किया कि केदारनाथ से लेकर मुखबा तक, उनके दिल में उत्तराखंड के लिए विशेष स्थान है। आज की यह सौगात न केवल दिल्ली और दून की दूरी कम करेगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार के नए द्वार भी खोलेगी।