उत्तराखंड में महिला सशक्तीकरण वेबसाइट और शक्ति एआई ऐप लॉन्च, योजनाओं तक पहुंच होगी अब बेहद आसान

Blog
 Image

उत्तराखंड की लाखों महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में रविवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। अब राज्य की मातृशक्ति को केंद्र और राज्य सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का लाभ उठाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। महिलाओं को घर बैठे महज एक क्लिक पर सभी जरूरी जानकारियां देने के लिए विशेष तौर पर तैयार की गई ‘महिला सशक्तीकरण वेबसाइट’, मार्गदर्शन पत्रिका और देश की अत्याधुनिक तकनीक से लैस ‘शक्ति एआई’ ऐप का भव्य लोकार्पण किया गया। छड़ायल स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस भव्य महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और सांसद अजय भट्ट ने आधिकारिक वेबसाइट www.mahilasashaktikaran.com और विशेष पत्रिका का विमोचन किया। अक्सर जानकारी के अभाव में ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों की महिलाएं कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह जाती हैं। लेकिन अब इस वेबसाइट और शक्ति AI' ऐप के माध्यम से महिलाओं को उनकी जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार सरकारी योजनाओं, पात्रता (Eligibility) और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी बेहद सरल भाषा में एक ही जगह मिल जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट ने इस डिजिटल पहल की सराहना करते हुए कहा कि हर पात्र महिला तक सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना ही इस तकनीकी बदलाव का मुख्य उद्देश्य है। 'शक्ति एआई' ऐप कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित है, जो महिलाओं के सवालों के तुरंत और सटीक जवाब देगा। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि महिलाएं आत्मनिर्भर और जागरूक भी बनेंगी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में केवल तकनीक की शुरुआत ही नहीं हुई, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाली महिलाओं का हौसला भी बढ़ाया गया। स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक सरोकार, कला, संगीत, स्वयं सहायता समूहों  और महिला नेतृत्व के क्षेत्रों में धरातल पर उल्लेखनीय और प्रेरणादायक कार्य करने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया। यह डिजिटल पहल उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की महिलाओं के लिए एक गेम-चेंजर साबित होने जा रही है, जो उन्हें डिजिटल रूप से साक्षर बनाकर प्रगति के पथ पर आगे ले जाएगी।