govt-ads

यूपी में बदला दौर: कट्टा उद्योग' की जगह अब डिफेंस कॉरिडोर और मेडिकल डिवाइस पार्क,अमित शाह ने की योगी सरकार की सराहना

Blog
 Image

ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के बदलते दौर की तारीफ करते हुए कहा कि एक समय था जब यूपी में 'अपराध की इंडस्ट्री' चलती थी, हर शहर में गाड़ियां चोरी करने के कुटीर उद्योग फल-फूल रहे थे और अवैध कट्टा उद्योग चरम पर था। हालांकि, अब डबल इंजन सरकार में सब कुछ बदल चुका है। आज कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर ले चुका है, वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण हो रहा है और चेन स्नैचिंग वाले प्रदेश में अब 'मेडिकल डिवाइस पार्क' बन रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक बदलाव का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक समय प्रदेश में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी, शहर-शहर वाहन चोरी के कुटीर उद्योग और अवैध कट्टा निर्माण की चर्चा होती थी। अब उसी उत्तर प्रदेश में कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर, वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण और चेन स्नैचिंग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी औद्योगिक गतिविधियां विकसित हो रही हैं। अमित शाह ने यह बात ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के उद्घाटन समारोह में कही। पांच दिवसीय ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक आयोजित हो रहा है। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और उद्योगों को सुविधा देने वाली व्यवस्था जरूरी है। उनके मुताबिक प्रदेश में इन क्षेत्रों में बदलाव के चलते उत्तर प्रदेश निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य तय किया है। गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश के झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर में विकसित किए जा रहे डिफेंस कॉरिडोर के छह नोड का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में रक्षा उपकरण निर्माण के लिए निवेश आ रहा है। देश का रक्षा उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड स्तर पर है। भारत के रक्षा उत्पाद 80 से अधिक देशों तक पहुंच रहे हैं। अमित शाह ने अमेठी में एके-203 राइफल के निर्माण समेत उत्तर प्रदेश में हो रहे रक्षा उत्पादन को औद्योगिक क्षमता में बदलाव का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के साथ बेहतर बुनियादी ढांचा और औद्योगिक नीतियां निवेश को सुगम बनाने में मदद कर रही हैं। गृह मंत्री ने रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के संदर्भ में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने भदोही के कालीन, फिरोजाबाद के कांच, सहारनपुर की काष्ठ कला, कन्नौज के इत्र और बनारस की रेशमी साड़ी जैसे उत्पादों को प्रदेश की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलने से पारंपरिक उद्योगों और उद्यमियों के लिए नए अवसर बन रहे हैं। इस वर्ष के यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 85 देशों की भागीदारी प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार 2025 के संस्करण में 5.07 लाख से अधिक लोग पहुंचे थे और 2,400 से ज्यादा एमओयू हुए थे। ट्रेड शो में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, फार्मा, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ के जरिए प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों को भी बाजार से जोड़ने की पहल की गई है।