मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला: नंदा राजजात यात्रा-2026 के मार्गों पर सुविधाओं के लिए 3.08 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार और पंचायतीराज संस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन फैसलों में सबसे अहम बहुप्रतीक्षित नंदा राजजात यात्रा-2026 के मार्गों पर सुविधाओं के विकास हेतु 3.08 करोड़ रुपये की मंजूरी है। इस धनराशि से चमोली जनपद के विभिन्न विकासखंडों में यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले क्षेत्रों में पार्किंग और विश्राम गृहों का निर्माण किया जाएगा, जिससे तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार विकासखंड थराली के शहीद भवानी दत्त इंटर कॉलेज परिसर चौपड़ड्ढों में पार्किंग एवं विश्राम गृह निर्माण हेतु 71.67 लाख, कर्णप्रयाग विकासखंड के नौटी में 42.39 लाख की लागत से सरफेस पार्किंग, देवाल विकासखंड के जनता इंटर कॉलेज सरकोट में पार्किंग, विश्राम गृह एवं शौचालय निर्माण के लिए 1.14 करोड़ तथा नारायणबगड़ विकासखंड के भगोती में पार्किंग निर्माण हेतु 79.56 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को भी बड़ी वित्तीय सौगात दी है। 16वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त के रूप में जिला पंचायतों के लिए 13.74 करोड़, क्षेत्र पंचायतों के लिए 9.16 करोड़ और ग्राम पंचायतों के लिए 66.51 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इस प्रकार कुल 89.41 करोड़ रुपये पंचायतीराज संस्थाओं को हस्तांतरित किए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना विकास कार्यों के लिए 34.34 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। थराली विधानसभा क्षेत्र के देवाल बाजार के समीप बहुमंजिला पार्किंग निर्माण हेतु प्रथम चरण में 11.31 लाख रुपये तथा टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली में बस स्टॉप निर्माण के लिए 94.05 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सिल्ला-कांडई मोटर मार्ग के द्वितीय चरण के निर्माण हेतु 3.36 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुष मिशन की निर्माणाधीन योजनाओं हेतु राज्य आकस्मिकता निधि से 27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रामनगर के उम्मेदपुर आवासीय परियोजना में पेयजल योजना के लिए 2.43 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं पर्यटन एवं शिक्षा क्षेत्र में नैनीताल नगरपालिका परिषद क्षेत्र के नर्सरी स्कूल माल रोड की मरम्मत हेतु 3.44 लाख और ऐशडेल स्कूल की मरम्मत के लिए 45 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में चंपावत जिले के टनकपुर में निर्मित स्टेडियम का नाम स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी के नाम पर रखने का अनुमोदन भी किया गया है। इन व्यापक वित्तीय स्वीकृतियों को प्रदेश में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।