स्कूली बच्चों के लिए बड़ी राहत: धनबाद के सरकारी स्कूलों में लगेंगे विशेष शिविर, अब स्कूल में ही बनेंगे आधार और जन्म प्रमाण पत्र

Blog
 Image

धनबाद। सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अभिभावकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने सरकारी स्कूलों में विशेष आधार एवं जन्म प्रमाण पत्र शिविर आयोजित करने का फैसला लिया है। इस अभियान के तहत विद्यार्थियों के नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे, पुराने आधार कार्ड अपडेट किए जाएंगे और जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित सभी औपचारिकताएं विद्यालय परिसर में ही पूरी कराई जाएंगी। 

अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन ने यूआईडी, शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बनाकर अभियान को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रत्येक छात्र का आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र समय पर तैयार हो। जिन विद्यार्थियों के आधार कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि है या उन्हें अपडेट कराने की आवश्यकता है, उनकी प्रक्रिया भी शिविर के दौरान पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई बार आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, नामांकन, परीक्षा पंजीकरण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस विशेष अभियान के माध्यम से ऐसी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिला स्तर पर एक टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा, जो शिविरों के संचालन, दस्तावेज़ सत्यापन और प्रगति की नियमित समीक्षा करेगी। जिला प्रशासन जल्द ही शिविरों की तिथियों और विद्यालयवार कार्यक्रम की घोषणा करेगा। उपायुक्त आदित्य रंजन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बच्चों के विद्यालय अवश्य पहुंचें, ताकि आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को इस अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही शिविरों के बारे में अभिभावकों और विद्यार्थियों को समय रहते जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन का लक्ष्य इस विशेष अभियान के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराना है। प्रशासन का मानना है कि स्कूल परिसर में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से अभिभावकों का समय और खर्च दोनों बचेंगे, जबकि विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भविष्य में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। यह पहल शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुगम और छात्र हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।