काशीपुर के चैती मेले के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए सीएम धामी ने की 13 करोड़ की घोषणा

Blog
 Image

उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल चैती मेले को और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि चैती मेला परिसर और मंदिर के विकास व सौंदर्यीकरण पर लगभग 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए जिलाधिकारी को विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी मां बाल सुंदरी देवी उज्जैनी शक्तिपीठ में आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि चैती मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेले का स्वरूप हर वर्ष और भव्य होता जा रहा है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिल रहा है। सीएम ने बताया कि अब तक मेले से प्राप्त करीब 13 करोड़ रुपये की धनराशि कोष में जमा है, जिसका उपयोग मेला परिसर के विकास, मंदिर के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को मानसखंड से जोड़कर एक प्रमुख सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चैती मंदिर उत्तराखंड के प्रवेश द्वार पर स्थित है, इसलिए इसका सुनियोजित विकास बेहद आवश्यक है। मास्टर प्लान के माध्यम से मंदिर और मेला परिसर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। इस अवसर पर सीएम धामी ने प्रदेश के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है, वहीं नकल विरोधी सख्त कानून से युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने बताया कि काशीपुर के समग्र विकास के लिए कई बड़ी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। 133 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। इसके अलावा करीब 1900 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क और ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े कार्य तेजी से चल रहे हैं। सीएम ने कहा कि 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क योजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नई तहसील भवन का निर्माण भी प्रगति पर है।