govt-ads

हल्द्वानी 'शुद्धिकरण' विवाद में गरमाई सियासत: कल सीएम आवास घेरेगी कांग्रेस, प्रदेश प्रभारी सैलजा कुमारी पहुंचीं देहरादून

Blog
 Image

देहरादून। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी रामलीला मैदान में हुए विवादित 'शुद्धिकरण' प्रकरण को लेकर राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस घटना के विरोध में कांग्रेस ने कल सोमवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव (कूच) का बड़ा एलान किया है। इस विरोध प्रदर्शन की कमान संभालने और तैयारियों की समीक्षा के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी सैलजा कुमारी रविवार को देहरादून पहुंचीं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट और पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित दर्जनों वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमाने जा रही है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर कल मुख्यमंत्री आवास कूच करने का ऐलान किया है। प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सैलजा कुमारी भी रविवार को देहरादून पहुंच गईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस ने शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का आरोप है कि घटना के 26 दिन बीत जाने के बावजूद दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी नेताओं पर मुकदमे दर्ज कर रही है। पार्टी नेताओं ने कहा कि एक ओर कथित शुद्धिकरण की घटना पर कार्रवाई नहीं की गई, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद अनुसूचित जाति समाज के लोगों के उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद रामलीला मैदान का कथित शुद्धिकरण किया जाना अनुसूचित जाति और गरीब वर्ग के लोगों का अपमान है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मामला केवल एक राजनीतिक दल या व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सम्मान और समानता से जुड़ा हुआ है। पार्टी ने सरकार से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रकरण को लेकर कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास कूच को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है। प्रदेश प्रभारी सैलजा कुमारी के देहरादून पहुंचने के बाद आंदोलन को लेकर पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक शुद्धिकरण प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक पार्टी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रहेगी। वहीं, अब सभी की नजरें कल होने वाले मुख्यमंत्री आवास कूच और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर टिकी हैं।