govt-ads

हरिद्वार में 'मिशन 2027' की बिसात: 11 सीटों का तिलिस्म तोड़ने के लिए भाजपा का मेगा प्लान

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में हरिद्वार जिले को हमेशा से ही सत्ता की चाबी माना जाता रहा है। मैदानी क्षेत्र की इन 11 विधानसभा सीटों का समीकरण राज्य में सरकार बनाने और बिगाड़ने की ताकत रखता है। आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब इस सबसे चुनौतीपूर्ण और विपक्ष के प्रभाव वाले जिले में अपनी खोई हुई सियासी जमीन को फिर से हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। साल भर चले दिग्गजों के दौरों, बड़े सरकारी आयोजनों और संगठन के स्तर पर किए गए बदलावों से यह साफ है कि भाजपा इस बार हरिद्वार के रण में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

उत्तराखंड की सत्ता में वापसी का रास्ता आसान बनाए रखने के लिए भाजपा ने हरिद्वार जिले को अपनी राजनीतिक रणनीति के केंद्र में ला खड़ा किया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी इस जिले में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए सालभर से लगातार सक्रिय नजर आ रही है। केंद्रीय नेतृत्व के दिग्गज नेताओं के दौरे, संगठनात्मक कार्यक्रम, सरकारी आयोजन और मंत्रिमंडल में हरिद्वार को प्रतिनिधित्व देने की कवायद के पीछे राजनीतिक संदेश साफ है कि भाजपा इस बार जिले में अपना पिछला प्रदर्शन सुधारने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरना चाहती है। हरिद्वार भाजपा के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में जिले की 11 सीटों में पार्टी को महज तीन सीटों पर जीत मिली थी। इसके मुकाबले कांग्रेस ने छह सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि एक सीट बहुजन समाज पार्टी और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई थी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने हरिद्वार जिले की आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी। पांच साल के भीतर आठ से तीन सीटों पर पहुंचना पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका रहा। यही वजह है कि आगामी चुनाव से पहले हरिद्वार में संगठन की सक्रियता लगातार बढ़ाई जा रही है। भाजपा ने हरिद्वार में अपनी राजनीतिक सक्रियता को केवल स्थानीय कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व के बड़े चेहरों को भी यहां उतारा। बीते जनवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक कार्यक्रम में हरिद्वार पहुंचे। इसके बाद मार्च में प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित 'जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल' कार्यक्रम में भी अमित शाह शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। जून में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का हरिद्वार दौरा हुआ। अब भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी ने एक बार फिर जिले की राजनीतिक अहमियत को रेखांकित किया है। लगातार बड़े नेताओं के आगमन के जरिये पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बनाए रखने और संगठन को चुनावी दृष्टि से सक्रिय करने की कोशिश कर रही है। भाजपा की रणनीति का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू सरकारी आयोजनों के माध्यम से हरिद्वार पर विशेष ध्यान देना है। बीती अक्तूबर में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक हरिद्वार जिले में आयोजित की गई। इसके अलावा इसी वर्ष धामी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में हरिद्वार को प्रतिनिधित्व देते हुए मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। जिले से कई नेताओं को विभिन्न दायित्व भी सौंपे गए। राजनीतिक जानकारों की नजर में इन कदमों को क्षेत्रीय संतुलन और संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, केवल बड़े नेताओं के दौरे और राजनीतिक आयोजनों से चुनावी परिणाम बदलना आसान नहीं होगा। भाजपा के सामने स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता के बीच सरकार की योजनाओं का प्रभाव, स्थानीय समस्याओं का समाधान और विपक्ष की चुनौती जैसे कई सवाल हैं। दरअसल, हरिद्वार की राजनीतिक परिस्थितियां प्रदेश के दूसरे जिलों से अलग हैं। यहां ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के समीकरण, स्थानीय मुद्दे तथा अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव चुनावी परिणामों को प्रभावित करते हैं। ऐसे में भाजपा के लिए चुनौती केवल अपनी पुरानी सीटें वापस हासिल करने की नहीं, बल्कि उन क्षेत्रों में भी जनाधार बढ़ाने की है जहां पिछले चुनाव में विपक्ष मजबूत रहा था। सालभर की राजनीतिक गतिविधियां यह संकेत दे रही हैं कि भाजपा ने हरिद्वार को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्राथमिकता में रखा है। अब देखना होगा कि केंद्रीय नेताओं के दौरों, मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक तैयारियों का लाभ पार्टी को कितना मिलता है और क्या भाजपा वर्ष 2017 के प्रदर्शन की ओर लौट पाएगी। फिलहाल हरिद्वार की सियासी जमीन पर कब्जे की लड़ाई ने 2027 के चुनाव से पहले ही राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

govt-ads