जम्मू में तैनात टिहरी के अग्निवीर जवान रोहित सिंह का आकस्मिक निधन, देवभूमि उत्तराखंड में शोक की लहर

Blog
 Image

टिहरी। जम्मू में देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात उत्तराखंड के टिहरी जनपद के एक और जांबाज युवा अग्निवीर जवान रोहित सिंह (21 वर्ष) का आकस्मिक निधन हो गया है। मां भारती के इस लाडले की असमय मृत्यु की खबर मिलते ही पूरे भिलंगना ब्लॉक सहित संपूर्ण जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान रोहित सिंह टिहरी के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत मेंडू सिंदवालगांव के निवासी थे। उनकी शहादत और असमय विदाई से पूरे क्षेत्र की आंखें नम हैं और हर कोई इस होनहार युवा सैनिक को याद कर भावुक है।

ग्राम प्रधान कुंवर सिंह ने बताया कि वीर जवान रोहित सिंह का पार्थिव शरीर सैन्य वाहन से घनसाली पहुंच चुका है। देर शाम तक पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव ले जाए जाने की संभावना है, जहां उनके अंतिम दर्शनों के लिए भारी संख्या में ग्रामीण और आस-पास के क्षेत्रों के लोग एकत्र हो रहे हैं। शुक्रवार की सुबह पैतृक घाट पर पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ गमगीन माहौल में वीर जवान की अंत्येष्टि की जाएगी। हालांकि, जवान की मौत के कारणों की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है और स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अग्निवीर रोहित सिंह अपने परिवार के बड़े बेटे थे और उन पर पूरे घर की उम्मीदें टिकी थीं। उनके पिता सुरेन्द्र सिंह वर्तमान में रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। लाडले बेटे के अचानक दुनिया छोड़ जाने की हृदयविदारक सूचना मिलते ही वह दुबई से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। परिवार में रोहित के अलावा उनका छोटा भाई मोहित है, जो अभी कक्षा नौवीं का छात्र है। घर के बड़े दीपक के बुझ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रो-रोकर मां और बूढ़ी दादी का बुरा हाल है, जिन्हें सांत्वना देने के लिए गांव और आसपास के सैकड़ों लोग लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं। हर कोई रोहित के मिलनसार स्वभाव और देश सेवा के जज्बे को याद कर रहा है। शुक्रवार की सुबह देवभूमि अपने इस वीर सपूत को अंतिम विदाई देगी। सेना के जवानों की मौजूदगी में रोहित सिंह के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी जाएगी। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। पूरा उत्तराखंड आज इस वीर अग्निवीर को अश्रुपूर्ण आंखों से नमन कर रहा है।