मुन्ना अंसारी
लालकुआँ :- नगर पंचायत लालकुआँ के सीमा विस्तार और आसपास की कॉलोनियों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने शिष्टमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए नगर पंचायत लालकुआँ के सीमा विस्तार अथवा अलग नगर पंचायत के गठन की संभावनाओं पर उचित कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
गौरतलब है कि नगर पंचायत लालकुआँ से सटे कई क्षेत्रों के निवासी लंबे समय से अपने इलाकों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग उठाते आ रहे हैं। इनमें लाइनपार संजयनगर, राजीव नगर, बंगाली कॉलोनी, बजरी कंपनी और 25 एकड़ कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों के लोगों की मांग है कि उन्हें भी नगरीय क्षेत्र के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
वही नगर पंचायत के सीमा विस्तार अथवा पृथक नगर पंचायत के गठन को लेकर मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के बाद आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को उम्मीद जगी है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पर अब आगे कार्रवाई हो सकेगी। यदि प्रस्ताव पर अमल होता है, तो संबंधित क्षेत्रों को नगरीय सुविधाओं और बेहतर स्थानीय निकाय व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ सकता है।
इस दौरान विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरूण जोशी, भाजपा अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार मौर्या, जिला कार्यकारिणी सदस्य हरीश नैनवाल, पूर्व सैनिक सुंदर सिंह खनका, समाजसेवी मुन्ना अंसारी, विकास गुप्ता मौजूद रहे।

