प्रधानमंत्री मोदी का मंगलवार को उत्तराखंड दौरा, देहरादून में सुरक्षा के बीच आज की गई फुल ड्रेस रिहर्सल

Blog
 Image

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को होने वाले प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राजधानी देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सोमवार को प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा शहर में 'फुल ड्रेस रिहर्सल' की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री के काफिले (फ्लीट) को उन्हीं मार्गों से गुजारा गया, जहां से कल पीएम का आगमन होना है। सुरक्षा कारणों से शहर के मुख्य मार्गों को बंद किए जाने से जनता को भारी जाम का सामना करना पड़ा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में आज फुल रिहर्सल की गई। सहारनपुर रोड पर पूरा ट्रैफिक रोककर फ्लिट निकाली गई, जिससे मंडी चौक से गुजरते समय भीषण जाम लग गया। आईएसबीटी से सहारनपुर की ओर जाने वाले सभी मार्ग बंद कर दिए गए, वहीं फ्लाइओवर भी बंद रहे। इस दौरान दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुछ घंटों के लिए मार्ग बंद किए गए हैं। रिहर्सल के चलते एक दिन पहले ही फ्लिट निकालकर बैरिकेडिंग लगाई गई और प्रधानमंत्री के गुजरने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह बंद कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए उत्तराखंड तैयार है। पीएम बनने के बाद मोदी मंगलवार को 28वीं बार उत्तराखंड आएंगे। वह 11,963 करोड़ की लागत से बने 213 किमी लंबे दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सौगात देंगे। इसके अलावा एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण करेंगे। प्रदेश सरकार लोकार्पण समारोह को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटी है। बता दें कि मोदी, प्रधानमंत्री बनने के बाद पांच बार केदारनाथ आ चुके हैं, साथ ही बदरीनाथ व मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। बीते वर्ष मार्च में उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।