रांची रविंद्र मुंडा हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी विकाश मुंडा अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार

Blog
 Image

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में 9 जुलाई को हुए चर्चित रविंद्र मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने पूरी तरह से पर्दाफाश कर दिया है। अपने ही दोस्त की बेरहमी से गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकाश मुंडा उर्फ लेटी मुंडा को रांची पुलिस ने धर-दबोचा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया एक अवैध देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।

रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस अमानवीय वारदात के बाद बेड़ो थाना में कांड संख्या-76/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया, जिसने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर मुख्य आरोपी को दबोचने में कामयाबी हासिल की। पुलिस की पूछताछ में जो खुलासा हुआ है, वह बेहद चौंकाने वाला है। मुख्य आरोपी विकाश मुंडा और मृतक रविंद्र मुंडा आपस में गहरे दोस्त थे। 9 जुलाई की शाम को बेड़ो के मधुपुर अखड़ा के पास दोनों साथ में थे। आरोपी विकाश मुंडा इलाके में अपना वर्चस्व और दहशत कायम करने के लिए सरेआम हवाई फायरिंग (Celebratory Firing) करना चाहता था। उसका दोस्त रविंद्र मुंडा इस बात का लगातार विरोध कर रहा था और उसने विकाश का हाथ पकड़कर उसे हवाई फायरिंग करने से रोका। बस इतनी सी बात पर विकाश मुंडा तैश में आ गया। दोनों के बीच तीखी बहस हुई और गुस्से में आकर विकाश ने अपनी पिस्टल से रविंद्र के ऊपर बेहद करीब से गोली चला दी, जिससे मौके पर ही रविंद्र की मौत हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी विकाश मुंडा उर्फ लेटी मुंडा बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ बेड़ो थाने में पहले से ही नाबालिग से यौन उत्पीड़न का संगीन मामला दर्ज है। इससे पहले भी वह एक अन्य हत्या के मामले में संलिप्त रहा है। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि इस खूनी खेल में शामिल दो अन्य सह-आरोपियों—विकाश महतो और विजय मुंडा को पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद ही त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पहले ही जब्त की जा चुकी थी। अब मुख्य आरोपी के पकड़े जाने और मर्डर वेपन (पिस्टल) बरामद होने के बाद पुलिस कोर्ट में स्पीडी ट्रायल चलाकर इन अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की तैयारी में जुट गई है।