स्वाति मालीवाल बीजेपी में शामिल, AAP से 20 साल पुराना रिश्ता खत्म, केजरीवाल पर निशाना

Blog
 Image

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने आप के साथ करीब दो दशक पुराने अपने संबंध को खत्म कर दिया। बीजेपी में शामिल होने के बाद मालीवाल ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय किसी दबाव में नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास के चलते लिया है। स्वाति मालीवाल ने कहा कि वह वर्ष 2006 से अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़ी थीं और हर आंदोलन में उनका साथ दिया। लेकिन अब परिस्थितियां ऐसी हो गईं कि उन्हें यह कठिन निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने लोगों से अपील की, कि जो भी रचनात्मक राजनीति करना चाहते हैं, वे बीजेपी से जुड़ें। बीजेपी जॉइन करने के बाद मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मेरे ही घर में मुझे एक गुंडे से पिटवाया गया। जब मैंने आवाज उठाई तो मुझे डराया-धमकाया गया। मुझ पर एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाया गया। उन्होंने केजरीवाल को महिला विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में उन्हें संसद में एक बार भी बोलने का मौका नहीं दिया गया।

पीएम मोदी और अमित शाह की तारीफ
मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देश ने उनके नेतृत्व में कई ऐतिहासिक फैसले देखे हैं। चाहे महिला आरक्षण बिल हो या सुरक्षा से जुड़े बड़े फैसले सरकार ने निर्णायक कदम उठाए हैं। बता दें कि इससे पहले आप के सांसद राघव चड्ढा सहित संदीप पाठक और अशोक मित्तल के बीजेपी में शामिल होने की खबर सामने आई थी। तब यह दावा किया गया था कि कुछ और सांसद भी पार्टी बदल सकते हैं। अब स्वाति मालीवाल के फैसले ने उन अटकलों को और बल दे दिया है।