युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत’! हरिद्वार में सीएम धामी का बड़ा संदेश, स्वरोजगार के लिए लगेंगे विशेष बैंक शिविर

Blog
 Image

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं के आत्मविश्वास, नवाचार और उद्यमशीलता की भावना ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की आधारशिला बनेगी। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के जरिए दूसरों को रोजगार देने वाला ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है।

मुख्यमंत्री हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और नैतिक मूल्यों का जीवंत केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा और भारतीय जीवन दर्शन की भी सीख मिलती है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और देश की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति जैसी पहलें शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। सीएम धामी ने कहा कि इन योजनाओं के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है, जबकि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। साथ ही, नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल कर नई उपलब्धि दर्ज की है। मुख्यमंत्री ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। वहीं, पूरी पारदर्शिता के साथ 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं से सीधे संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को बैंक ऋण प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए विशेष बैंक शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बैंक अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे तथा युवाओं की ऋण संबंधी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा, ताकि उन्हें अपना उद्यम शुरू करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाएं तथा आत्मनिर्भर उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के हर कदम पर उनके साथ खड़ी है और रोजगार, कौशल विकास तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर नई पहल करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में आयोजक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। युवा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने भाग लेकर मुख्यमंत्री के विचारों को सुना और विभिन्न विषयों पर संवाद किया।