govt-ads

श्रीनगर में आस्था और विकास का महासंगम: सीएम धामी ने किया ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ

Blog
 Image

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक विरासत के प्रतीक 'बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी' का सोमवार को भव्य आगाज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दस दिवसीय ऐतिहासिक मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जहां एक ओर धर्मनगरी श्रीनगर आस्था के रंग में रंगी नजर आई, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का पिटारा खोलकर क्षेत्र के चौमुखी विकास का स्पष्ट रोडमैप भी पेश किया। मेले के दौरान मुख्यमंत्री का बेहद सहज और पारंपरिक अंदाज भी देखने को मिला, जब उन्होंने विकास प्रदर्शनी के एक स्टॉल पर रुककर पारंपरिक तरीके से पहाड़ी नमक पीसा और स्थानीय उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

 गढ़वाल की धार्मिक आस्था, पौराणिक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बैकुंठ चतुर्दशी मेला सोमवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ शुरू हो गया। दस दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। मेले के आगाज के साथ ही श्रीनगर में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने आवास विकास मैदान में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर संचालकों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान एक स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने पारंपरिक तरीके से नमक भी पीसा, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गढ़वाल की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को जीवंत रखने वाला महत्वपूर्ण उत्सव है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने मेले के आयोजन में प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। मेले के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां महंत श्री108 आशुतोष पुरी महाराज ने वैदिक विधि-विधान से भगवान कमलेश्वर की पूजा-अर्चना कराई। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने भगवान शिव को जल अर्पित करने के साथ रुई की बातियां भी चढ़ाईं। महंत आशुतोष पुरी महाराज ने बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी के विशेष अनुष्ठान के तहत श्रद्धालु रात 12 बजे तक भगवान को 365 रुई की बातियां अर्पित कर जलाभिषेक कर सकते हैं। गोधूलि बेला में शुभ मुहूर्त के अनुसार खड़ा दीया अनुष्ठान भी शुरू किया जाएगा। यह परंपरा इस पर्व की धार्मिक विशेषता और श्रीनगर की पौराणिक पहचान को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना पर काम चल रहा है। वहीं, लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और इसका कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में एसी बस सेवा, पासपोर्ट कार्यालय और आईएएस-पीसीएस परीक्षाओं के आयोजन जैसी सुविधाएं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं। सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज, बालक छात्रावास, रेलवे स्टेशन सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रेलवे परियोजना के तहत 12 स्टेशनों पर क्षेत्रवासियों को सुविधाएं मिलेंगी। श्रीनगर से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट का निर्माण भी किया जाएगा। श्रीनगर को विज्ञान नगरी के रूप में विकसित करने के लिए उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। मंडुवा सहित स्थानीय उत्पादों को इसके माध्यम से नई पहचान मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि लखपति दीदी योजना के तहत साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार काम कर रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि और मुख्यमंत्री भुली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि नकल माफिया के विरुद्ध कार्रवाई में 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहा है तथा विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहा है। मुजफ्फरनगर कांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं को प्रदेश की जनता आज भी नहीं भूली है।  बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आगाज श्रीनगर के लिए धार्मिक उत्सव के साथ विकास की नई उम्मीदें भी लेकर आया है। अगले दस दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और धार्मिक आयोजनों से श्रीनगर का माहौल उत्सवमय रहेगा। अब स्थानीय लोगों की निगाहें मुख्यमंत्री की ओर से घोषित विकास योजनाओं को धरातल पर पूरा होते देखने पर टिकी हैं।

govt-ads