govt-ads

भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति से 2027 का चुनावी शंखनाद: महेंद्र भट्ट ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां 

Blog
 Image

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की सियासी बिसात को और धार दे दी है। इस मंच से जहां प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा रखते हुए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जुटने का आह्वान किया, वहीं उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने अपने खास अंदाज में एकजुटता और अनुशासन का सख्त संदेश दिया। कार्यसमिति के जरिए भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उसका लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर नया कीर्तिमान रचने का है।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जहां केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया, वहीं पार्टी के भीतर एकजुटता बनाए रखने का स्पष्ट संदेश भी दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जबकि उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने टिकट के दावेदारों से लेकर संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता तक को चुनावी अनुशासन का पाठ पढ़ाया। बैठक के संदेश से साफ है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन और सरकार दोनों की उपलब्धियों के सहारे मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। कार्यसमिति की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों के दौरान उत्तराखंड ने विकास और विरासत के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। देवभूमि के पवित्र धामों में सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विस्तार हुआ है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सड़क, हवाई संपर्क और आधारभूत सुविधाओं में सुधार के साथ प्रदेश में निवेश बढ़ा है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के फैसलों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश में अवैध कब्जों से 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। बैठक का सबसे चर्चित संदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड प्रभारी राम माधव का रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को विवाह का उदाहरण देते हुए संगठन में एकजुटता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि चुनाव भी विवाह जैसा अवसर है, जहां दूल्हा बनने का मौका किसी एक को मिलता है, लेकिन बारात में नाचना सभी को पड़ता है। इसी तरह विधानसभा चुनाव में टिकट किसी एक प्रत्याशी को मिलेगा, लेकिन पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और दावेदारों को पूरी ताकत से जुटना होगा। राम माधव ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड में स्वाभाविक रूप से शासन करने वाली पार्टी है। यह देवभूमि होने के साथ वीरभूमि भी है और भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर टिकट का दावेदार बन सकता है। पार्टी में परिवारवाद और धनबल के आधार पर फैसले नहीं होते। हालांकि टिकट किसी एक को ही मिलेगा, इसलिए सभी दावेदारों को धैर्य रखना चाहिए और पार्टी का निर्णय आने के बाद व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन के लिए काम करना चाहिए। राम माधव ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह का ऐतिहासिक योगदान रहा है। राज्य के 27 वर्षों के इतिहास में जनता ने 17 वर्षों तक भाजपा को सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा लगातार चुनावी परंपराओं को बदलने वाली पार्टी रही है। उत्तराखंड और हिमाचल जैसे राज्यों में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को भाजपा ने तोड़ा है। दस वर्षों के शासन के बाद अब पार्टी 15 वर्षों तक लगातार जनसेवा करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।उन्होंने बताया कि दिल्ली, पंजाब और हिमाचल से आए विस्तारक जिला केंद्रों में रहकर संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यसमिति में तय कार्यक्रमों को पूरी क्षमता और समर्पण के साथ धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की पहुंच समाज के प्रत्येक वर्ग तक होनी चाहिए और ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिनमें सभी समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित हो। हरिद्वार की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति केवल संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दीं। सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना और टिकट वितरण के बाद संभावित असंतोष को नियंत्रित रखते हुए सभी दावेदारों को एक मंच पर लाना पार्टी की प्रमुख चुनौतियां होंगी। अब देखना होगा कि हरिद्वार से दिया गया एकजुटता और चुनावी तैयारी का संदेश प्रदेश के प्रत्येक जिले और बूथ तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंचता है।

govt-ads