लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गोसाईगंज विधानसभा में देर रात दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बड़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बात फायरिंग व पत्थरबाजी तक पहुंच गयी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। उधर आज तड़के 4 बजे पुलिस ने सपा प्रत्याशी अभय सिंह व पांच अन्य को हिरासत में ले लिया। अभी कुछ दिन पूर्व दोनों पक्षों में थाना महाराजगंज के कनकपुर गांव में दूसरे दिन बीकापुर कोतवाली के चौरे बाजार स्थित रामनगर मेें भी विवाद हुआ था। इसमें में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे के ऊपर हमलावर हुए थे, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ था लेकिन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं थीं। अब शुक्रवार रात करीब 8 बजे थाना महाराजगंज के नेव कबीरपुर गांव के पास एक बार दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। एक ओर से सपा प्रत्याशी बाहुबली अभय सिंह थे दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थक विकास सिंह थे। आमने-सामने होने पर दोनों पक्षों में एक बार तनातनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान दोनों पक्ष में कई राउंड हवाई फायरिंग भी हुई। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। बाद में दोनों पक्षों में पथराव भी हुआ, जिसमें कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, यहां भी खूब तनातनी रही। थाने में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया।