लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम पूरा हो गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 'होमगार्ड एनरोलमेंट' के तहत विज्ञापित सभी 41,424 पदों पर अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए परिणाम घोषित कर दिया है। प्रदेश के सभी 75 जिलों की जिलेवार मेरिट सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
यूपी में होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने प्रदेश के 75 जिलों में होमगार्ड के 41,424 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की जिलेवार मेरिट सूची जारी कर दी है। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर अपना परिणाम और चयन सूची देख सकते हैं। भर्ती के लिखित चरण का परिणाम जून 2026 में जारी किया गया था, जिसके बाद अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया। होमगार्ड के पदों पर भर्ती के लिए बोर्ड ने 18 नवंबर 2025 को आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। प्रदेश के विभिन्न जिलों में रिक्त पदों को भरने के लिए 41,424 पदों पर भर्ती की जानी थी। इसके लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों को अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण समेत अगले चरणों के लिए बुलाया गया। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ अभिलेखों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा को शामिल किया गया। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। बोर्ड के अनुसार अंतिम चयन में लिखित परीक्षा के सामान्यीकृत अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की गई। इसके साथ आवेदन के दौरान प्रस्तुत अधिमानी अर्हता प्रमाणपत्रों के आधार पर निर्धारित अतिरिक्त अंक भी दिए गए। अंतिम मेरिट तैयार करते समय प्रदेश सरकार की आरक्षण नीति का पालन किया गया। अभ्यर्थियों के सामान्यीकृत लिखित परीक्षा अंकों, अधिमानी अर्हताओं और निर्धारित आरक्षण व्यवस्था के आधार पर जिलेवार चयन सूची तैयार की गई। बोर्ड के अनुसार 75 जिलों में विज्ञापित 41,424 पदों के सापेक्ष इतने ही अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी जिलेवार मेरिट सूची देख सकते हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, परिणाम और अन्य आवश्यक सूचनाएं भी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं। अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे चयन सूची में अपना नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण सावधानी से जांच लें तथा भर्ती से संबंधित आगामी निर्देशों पर नजर बनाए रखें। 41,424 पदों की यह भर्ती प्रदेश में होमगार्ड बल के लिए महत्वपूर्ण चयन प्रक्रिया रही। अब जिलेवार चयन सूची जारी होने के साथ लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों को चयन की स्थिति स्पष्ट हो गई है।

