govt-ads

चारधाम यात्रा में 65 लाख श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड, अब शीतकालीन यात्रा के लिए भी पंजीकरण की तैयारी

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड की आस्था और पर्यटन को इस वर्ष चारधाम यात्रा में नया मुकाम मिला है। चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 65 लाख के पार पहुंच गई है, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा करीब 48 लाख था। रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे तीर्थयात्रियों के बाद अब प्रदेश सरकार की नजर शीतकालीन यात्रा पर है। सरकार शीतकाल में चारों धामों के प्रवास स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी चारधाम यात्रा की तर्ज पर पंजीकरण व्यवस्था लागू करने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं का व्यवस्थित आंकड़ा तैयार करने के साथ शीतकालीन पर्यटन को नई गति देना है।

चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। अब 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ नियमित चारधाम यात्रा छह महीने के लिए स्थगित हो जाएगी। हालांकि, इस दौरान चारों धामों की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर जारी रहेगी। श्रद्धालु इन स्थानों पर पहुंचकर दर्शन और पूजा कर सकेंगे। शीतकाल में बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। गंगोत्री धाम की पूजा मुखबा और यमुनोत्री धाम की पूजा खरसाली में होती है। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर और भगवान उद्धव की पूजा पांडुकेश्वर में होती है। इन धार्मिक स्थलों पर शीतकाल में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। वर्ष 2024 में चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर 73 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 50 हजार से अधिक रही। अब सरकार इन स्थलों पर पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण व्यवस्था तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। इससे यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का विवरण उपलब्ध रहेगा और शीतकालीन पर्यटन से जुड़े आंकड़े भी जुटाए जा सकेंगे। सरकार का मानना है कि इससे यात्रा प्रबंधन, सुविधाओं की योजना और पर्यटन विकास में मदद मिलेगी।

धामवार श्रद्धालुओं की संख्या
बदरीनाथ धाम : 22,64,724
केदारनाथ धाम : 19,33,138
गंगोत्री धाम : 10,07,177
यमुनोत्री धाम : 8,84,841
हेमकुंड साहिब : 3,90,696

इस वर्ष यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुले। मानसून के दौरान भी यात्रा संचालित रही। यात्रा के शुरुआती दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी की थी। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश में यात्रा व्यवस्थाओं और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से इस बार नया रिकॉर्ड बना है। उन्होंने शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने पर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। अब चुनौती इस रिकॉर्ड को शीतकालीन पर्यटन से जोड़ने और सालभर तीर्थाटन की संभावनाओं को मजबूत करने की है।

govt-ads