नई दिल्ली- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की सशस्त्र बल मंत्री फ्लोरेंस पार्ली के बीच आज शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत और फ्रांस के बीच तीसरी वार्षिक रक्षा वार्ता हुई, इस वार्षिक बैठक में विविध द्विपक्षीय, क्षेत्रीय, रक्षा तथा रक्षा औद्योगिक सहयोग समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। राजनाथ सिंह और फ्लोरेंस पार्ली ने दोनों देशों की सेनाओं के बीच मौजूदा सहयोग की समीक्षा की, जो कोरोना महामारी की चुनौतियों के बावजूद भी तेजी से बढ़ा है, इस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने सभी रूपों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

भारत और फ्रांस ने हाल ही में नवंबर 2021 में फ्रांस में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर केंद्रित अपने वार्षिक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास, शक्ति का समापन किया है। दोनों देशों के बीच भविष्य के सहयोग तथा सह-उत्पादन पर केंद्रित रक्षा औद्योगिक सहयोग पर चर्चा की गई।
इस दौरान फ्लोरेंस पार्ली ने कहा की “मैं खुश हूं कि भारतीय वायुसेना राफेल विमानों से संतुष्ट है और हमें गर्व है कि कोविड-19 महामारी के बावजूद हमने करार के तहत समय पर 36 विमानों की आपूर्ति की, यह उनके लिए एक उपलब्धि है’ कहा की‘एक ही तरह के विमान का उपयोग करना वास्तविक परिसंपत्ति और ताकत है।

साथ ही दोनों नेताओं ने सामरिक तथा रक्षा संबंधी अनेक मुद्दों पर अपनी सहमति भी व्यक्त की। उन्होंने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। फ्रांस हिंद महासागर नौसेना सिम्पोजियम का वर्तमान चेयर है और 01 जनवरी, 2022 से यूरोपीय संघ की अध्यक्षता संभालेगा। दोनों मंत्रियों ने फ्रांस की अध्यक्षता में कई मुद्दों पर मिलकर काम करने का निर्णय किया।