नई दिल्ली। मशहूर कवि कुमार विश्वास एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इसबार भी वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को लेकर चर्चाओं में हैं। उन्होंने अभी हाल ही में केजरीवाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद सियासत गरमाई हुई है। उधर अब खबर आ रही है कि केन्द्र सरकार जल्द ही कुमार विश्वास की सुरक्षा की समीक्षा कर सकती है। सूत्रों की मानें तो केंद्र सरकार कवि कुमार विश्वास की सुरक्षा की समीक्षा करेगी। दरअसल, कुमार विश्वास ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर खालिस्तानी तत्वों के साथ सांठ-गांठ करने का आरोप लगाया था। बता दें कि कुमार विश्वास ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल ने मुझसे कहा था कि वह या तो पंजाब का मुख्यमंत्री बनेगा या फिर आजाद राष्ट्र का पहला प्रधानमंत्री। उसे किसी भी कीमत पर सत्ता चाहिए। जिसको लेकर आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई थी।