नई दिल्ली–स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती वाले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार शाम दिल्ली के इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का डिजिटलरुप से अनावरण किया। बता दें की कुछ दिन पूर्व ही पीएम मोदी ने ऐलान किया था की इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य मूर्ति लगाई जाएगी। जिसके बाद आज उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया।

नेताजी की यह होलोग्राम प्रतिमा का आकार 28 फीट ऊंचा और 6 फीट चौड़ा है। नेताजी की “होलोग्राम प्रतिमा को 30,000 लुमेन 4K प्रोजेक्टर द्वारा संचालित किया जाएगा।” इसके साथ ही पीएम मोदी ने सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान किए।
प्रतिमा के अनावरण के बाद प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “भारत मां के वीर सपूत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जन्मजयंती पर पूरे देश की तरफ से कोटि-कोटि नमन।”
उन्होंने कहा, “जिन्होंने भारत की धरती पर पहली आज़ाद सरकार को स्थापित किया था, हमारे उन नेताजी की भव्य प्रतिमा आज डिजिटल स्वरूप में इंडिया गेट के समीप स्थापित हो रही है। जल्द ही इस होलोग्राम प्रतिमा के स्थान पर ग्रेनाइट की विशाल प्रतिमा भी लगेगी।”सरकार ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है।
पीएम ने इस दौरान वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान किए। समारोह के दौरान कुल सात पुरस्कार प्रदान किए गए। बता दें कि केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत में व्यक्तियों और संगठनों द्वारा प्रदान किए गए अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा को पहचानने और सम्मानित करने के लिए वार्षिक सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार की स्थापना की है।
