नई दिल्ली। अमेरिका के विस्कॉन्सिन के वुकेशा शहर में बीते रोज एक दिल दहलाने वाली घटना घटित हुई है। यहां एक गाडी क्रिसमस परेड में शामिल होने आए लोगों को कुचलती हुई निकल गयी। इस हादसे में कई लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है। हांलाकि अभी तक कितनी मौतें हुई हैं इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मचने के साथ ही अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। उधर इस घटना के बाद एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें साफ देखा जा रहा है कि एक गाड़ी मौके पर मौजूद लोगों को रौंदती हुई निकल रही है। वहीं घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर भी है जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से ही मौके पर पुलिस प्रशासन ने डेरा डाला है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उक्त एसयूवी कार को बरामद कर लिया गया है, लेकिन इसका ड्राइवर फरार है। संदिग्ध की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर हालात अब सामान्य हैं। इस घटना को किस मकसद से अंजाम दिया गया, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। दर्शकों की तादाद भी ज्यादा थी। हालात को सामान्य होने में काफी समय लगा। 58वीं एनुअल क्रिसमस परेड दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जिसे शाम 6 बजे समाप्त होना था। पिछले साल कोरोना वायरस महामारी के चलते परेड नहीं निकाली गई थी।